- रोहतक से पंचकूला होगा मुख्यालय शिफ्ट, संगठनात्मक बदलाव के तहत फैसला
- 600 सीटों वाले सभागार और चंडीगढ़ से नजदीकी ने बढ़ाई प्राथमिकता
- 6 अप्रैल को स्थापना दिवस, 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर बड़ा कार्यक्रम
———————————
———————————
चंडीगढ़। हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने मुख्यालय को रोहतक से पंचकूला शिफ्ट करने जा रही है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिल चुकी है। पार्टी अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 6 अप्रैल को पंचकूला स्थित नए मुख्यालय में पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा, 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भी बड़ा आयोजन किया जाएगा।
प्रशासनिक गतिविधियां अब पंचकूला से
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि रोहतक कार्यालय को कार्यकर्ता प्रशिक्षण स्कूल में बदला जाएगा, जबकि प्रशासनिक गतिविधियां पंचकूला से संचालित होंगी। रोहतक का मुख्यालय ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन संगठनात्मक जरूरतों और रणनीतिक दृष्टि से पंचकूला को अब अधिक उपयुक्त माना गया है।
मुख्यालय शिफ्ट के पीछे 4 प्रमुख वजहें
1. 600 सीटों वाला बड़ा सभागार
पंचकूला के पार्टी कार्यालय ‘पंचकमलम’ में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए विशेष सुविधाएं मौजूद हैं। इसमें 600 सीटों वाला सभागार भी है, जिससे बड़े आयोजनों और बैठकों के लिए यह जगह अधिक उपयुक्त हो जाती है।
2. विधायकों और कार्यकर्ताओं की पहुंच आसान
हरियाणा BJP प्रभारी सतीश पूनिया के अनुसार, विधायकों और कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ आना पड़ता है, क्योंकि यहीं सरकार का मुख्यालय स्थित है। ऐसे में पंचकूला में कार्यालय होने से उनकी यात्रा आसान हो जाएगी।
3. मुख्यमंत्री के लिए बैठकें करना होगा सुविधाजनक
अब तक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हर बार पार्टी की बैठक के लिए रोहतक जाना पड़ता था। लेकिन पंचकूला में मुख्यालय होने से पार्टी और सरकार के बीच समन्वय बेहतर होगा, जिससे बैठकें आसान होंगी और यात्रा समय बचेगा।
4. चंडीगढ़ से नजदीकी का फायदा
पार्टी के भीतर आम सहमति बनी कि राज्य की राजधानी चंडीगढ़ के नजदीक होने के कारण पंचकूला ज्यादा उपयुक्त रहेगा। पहले रोहतक इसीलिए चुना गया था क्योंकि वहां सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यालय थे।
रोहतक में रहेगा सीनियर लीडर्स का ऑफिस
हालांकि, रोहतक स्थित ‘मंगल कमल’ कार्यालय पूरी तरह बंद नहीं होगा। यह सीनियर नेताओं के कार्यालय के रूप में कार्य करता रहेगा। वहीं, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव (संगठन) के कार्यालय रोहतक, गुरुग्राम और पंचकूला में रहेंगे।
पंचकूला में तेज हुई पार्टी गतिविधियां
पंचकूला कार्यालय में बीते कुछ दिनों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक यहीं हुई। साथ ही, नगर निकायों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की बैठक भी यहीं आयोजित की गई। अब 6 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर यह नया मुख्यालय खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है।