राज्य में 27.7 लाख किसानों पर बकाया कृषि ऋण
सिरसा के किसानों पर 6,102 करोड़ रुपये का कर्ज
हिसार में सबसे अधिक किसान कर्जदार
चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।राज्य सरकार द्वारा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जारी रिपोर्ट के अनुसार, 31 दिसंबर 2024 तक हरियाणा के 27.71 लाख किसानों पर कुल 60,060 करोड़ रुपये का कृषि ऋण बकाया है।इनमें से सबसे अधिक कर्ज सिरसा जिले के किसानों पर है, जहां 2,07,517 किसानों पर 6,102 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है।
विधानसभा में इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) विधायक आदित्य देवीलाल ने किसानों की कर्जमाफी और राहत योजनाओं को लेकर सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि पिछले दस वर्षों में किसानों को कर्ज से उबारने के लिए सरकार ने क्या प्रयास किए हैं। इस पर सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने सदन को सूचित किया कि सरकार किसानों को रियायती ब्याज दर पर फसल ऋण उपलब्ध करा रही है।
हिसार में सबसे अधिक किसान कर्जदार
राज्य में कर्जदार किसानों की संख्या के मामले में हिसार सबसे आगे है। यहां 2,68,227 किसानों पर कुल 5,873 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है। वहीं, सिरसा बकाया राशि के हिसाब से पहले स्थान पर है। अन्य जिलों की बात करें तो फतेहाबाद में 1,52,356 किसानों पर 4,022 करोड़ रुपये, भिवानी में 1,79,431 किसानों पर 3,986 करोड़ रुपये और कैथल में 1,35,220 किसानों पर 3,598 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है।
किसानों को कर्ज चुकाने में दिक्कत
डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि किसानों पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ रहा है और वे इसे चुकाने में सक्षम नहीं हैं। हरको बैंक 1.5 लाख रुपये तक का फसल ऋण सात प्रतिशत ब्याज दर पर देता है, जिसमें से चार प्रतिशत राज्य सरकार और तीन प्रतिशत केंद्र सरकार वहन करती है। बावजूद इसके किसान कर्ज से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
सरकार का पक्ष
राज्य सरकार ने सदन में बताया कि किसानों को कर्ज से राहत देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के किसानों की कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है और सरकार सहकारी बैंकों के माध्यम से कर्ज मुहैया करा रही है।
बड़े शहरी जिलों में कम बकाया
हरियाणा के प्रमुख शहरी जिलों में कृषि कर्ज की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर है। गुरुग्राम में 842 करोड़ रुपये और फरीदाबाद में 533 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है।
जिले वार कर्ज स्थिति (31 दिसंबर 2024 तक)
🔹सिरसा – 2,07,517 किसान, ₹6,102 करोड़
🔹हिसार – 2,68,227 किसान, ₹5,873 करोड़
🔹फतेहाबाद – 1,52,356 किसान, ₹4,022 करोड़
🔹भिवानी – 1,79,431 किसान, ₹3,986 करोड़
🔹कैथल – 1,35,220 किसान, ₹3,598 करोड़
यह रिपोर्ट दर्शाती है कि हरियाणा में किसान बड़ी संख्या में कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के बावजूद, किसानों को राहत दिलाने के लिए और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।