- हरियाणा सरकार ने विधायकों के लिए हाउसिंग लोन की सीमा ₹1 करोड़ की
- कार लोन भी बढ़ाकर ₹20.40 लाख किया गया, सिर्फ 4% ब्याज देना होगा
- हरियाणवी सॉन्ग बैन के मुद्दे पर विधानसभा में बहस, दो मंत्री सिंगर्स के समर्थन में
——————————————————————————
चंडीगढ़। हरियाणा के विधायकों को अब घर बनाने के लिए ₹1 करोड़ तक का लोन मिलेगा। पहले यह सीमा ₹80 लाख थी। इसी तरह, कार लोन की सीमा भी ₹20 लाख से बढ़ाकर ₹20.40 लाख कर दी गई है। खास बात यह है कि यह कर्ज मात्र 4% ब्याज दर पर मिलेगा, जबकि बाजार में हाउसिंग लोन पर 8-10% और कार लोन पर करीब 9% ब्याज देना पड़ता है।
यह निर्णय शुक्रवार (28 मार्च) को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन लिया गया। संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने ‘हरियाणा विधानसभा सदस्य सुविधा संशोधन विधेयक’ पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
राज्य गीत लॉन्च, बजट सत्र स्थगित
हरियाणा को पहली बार आधिकारिक राज्यगीत मिला। विधानसभा में सर्वसम्मति से ‘जय-जय-जय हरियाणा’ को मंजूरी दी गई और इसे लॉन्च किया गया। इसके साथ ही 7 मार्च से चल रहा बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
हरियाणवी सॉन्ग बैन पर विवाद, दो मंत्री सिंगर्स के समर्थन में
विधानसभा में गन कल्चर को लेकर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गाने पर लगे बैन का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने इस पर सवाल उठाए और कहा कि सरकार कलाकारों के साथ ज्यादती कर रही है।
सरकार के ही दो मंत्रियों—अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी—ने भी सिंगर्स का समर्थन किया। मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि इन कलाकारों ने हरियाणा की पहचान बनाने में योगदान दिया है। कृष्ण बेदी ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि पहले शादियों में पंजाबी गाने बजते थे, लेकिन अब हरियाणवी गानों को पहचान मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले पर फैसले की मांग की।
वल्गर गानों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
भाजपा विधायक राम कुमार गौतम ने कहा कि आजकल ऐसे गाने बनाए जा रहे हैं, जिन्हें परिवार के साथ नहीं सुना जा सकता। उन्होंने मांग की कि सरकार को ऐसे वल्गर गानों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए।
हुड्डा-विज की शायरी जुगल बंदी
राज्यगीत लॉन्चिंग के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और मंत्री अनिल विज के बीच शायराना अंदाज में तकरार देखने को मिली। विज ने अपनी कविता की कुछ पंक्तियां सुनाईं, जिस पर हुड्डा ने तंज कसते हुए जवाब दिया। इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने हुड्डा और विज की टिप्पणियों को कार्यवाही से हटाने का निर्देश दिया।